मंगलवार, 16 जुलाई 2024

जनांदोलन बना प्रधानमंत्री मोदी का आह्वान- ‘एक पेड़ माँ के नाम’

मध्यप्रदेश के इंदौर ने स्वच्छता के बाद अब पौधरोपण में बनाया विश्व कीर्तिमान, एक दिन में लगाए 12 लाख 65 हजार पौधे

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर 'माखनपुरम' में हमने भी 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह ताकत है कि जब भी वे नागरिकों से किसी प्रकार का आह्वान करते हैं तो वह जनांदोलन में परिवर्तित हो जाता है। एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का आह्वान करते ही देशभर में लोग उत्साहित होकर पौधरोपण कर रहे हैं। पौधरोपण के मामले में मध्यप्रदेश ने एक बार फिर सर्वाधिक पौधे रोपने का कीर्तिमान रचा है। स्वच्छता के मामले में देश में प्रथम स्थान पर रहकर मध्यप्रदेश का मान बढ़ानेवाले इंदौर ने 12 लाख 65 हजार पौधे रोपकर बड़ा संदेश अन्य शहरों को दिया है। इंदौर में जनसंख्या घनत्व अत्यधिक शहर है। इसे व्यावसायिक दृष्टि से ‘मिनी मुम्बई’ भी कहा जाता है। इसलिए जब यह प्रश्न आया कि इंदौर जैसे शहर में 51 लाख पौधे कहाँ लगाए जा सकेंगे, तब प्रदेश सरकार में मंत्री एवं इंदौर के लोकप्रिय राजनेता कैलाश विजयवर्गीय ने शहरवासियों के नाम एक सार्वजनिक पत्र लिखा और आग्रह किया कि संकल्प में शक्ति हो तो कुछ भी संभव है। इंदौरवासियों ने अपने संकल्प को सिद्ध करने के लिए गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में 24 घंटे में 12 लाख 65 हजार पौधे रोपकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में कीर्तिमान दर्ज करा दिया। इससे पहले एक दिन में सबसे अधिक पेड़ लगाने की उपलब्धि असम के पास थी। असम में एक दिन में 9 लाख 21 हजार पौधे एक दिन में रोपे थे।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र, सांसद शंकर लालवानी एवं अन्य

मध्यप्रदेश देश का दिल ही नहीं है अपितु ‘भारत के फेफड़े’ के रूप में भी सुप्रसिद्ध है। देश का 12 प्रतिशत से अधिक वन क्षेत्र मध्यप्रदेश में ही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद 11 जुलाई को मध्यप्रदेश की राजधानी में विशेष सशस्त्र बल की ओर से आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत 1 लाख 25 हजार पौधे रोपे गए थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा भी कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक चेतना जगाने के साथ ही प्रदेश में 5 करोड़ 51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। यहाँ उल्लेखनीय होगा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पौधरोपण को लेकर संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने प्रतिदिन एक पौधा लगाने का संकल्प तीन वर्ष पूर्व सदानीरा माँ नर्मदा जयंती के प्रसंग पर लिया था, जिसे आज तक अनवरत निभा रहे हैं। उनसे प्रेरणा लेकर प्रदेश में बड़ी संख्या में पौधा रोपण किया गया है। इसके अतिरिक्त उनके प्रयासों से वर्ष 2017 में संपूर्ण प्रदेश में 6 करोड़ 63 लाख पौधे रोपकर कीर्तिमान रचा जा चुका है।

यह सब बताता है कि भाजपा के राजनेता एवं सरकारें सामाजिक मुद्दों को लेकर भी बहुत संवेदनशील एवं समर्पित रहती हैं। यह ध्यान नहीं आता है कि इससे पहले किसी नेता ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर इस प्रकार का आह्वान और अभियान चलाया हो। बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के बाद से भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त समाज में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन हेतु पौधरोपण को लेकर एक जागृति की लहर दौड़ गई है। यह कहने में कोई संकोच नहीं कि विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर समाज में भाव जागरण करने के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कोई जवाब नहीं है। जब किसी मुद्दे के साथ व्यक्ति का भावनात्मक संबंध जुड़ जाता है, तब वह उसको लेकर अधिक समर्पण, निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करता है। भारतीय संस्कृति में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से हमारे पुरखों के प्रकृति के सभी तत्वों के साथ मनुष्य का एक भावनात्मक संबंध विकसित किया है। हिन्दू संस्कृति के अलावा कहीं भी प्रकृति के साथ आत्मीय एवं मानवीय संबंधों की परंपरा दिखायी नहीं देती है। भारत में ही पेड़-पौधों, नदी-पर्वत, ग्रह-नक्षत्र, अग्नि-वायु सहित प्रकृति के विभिन्न रूपों के साथ मानवीय रिश्ते जोड़े गए हैं। पेड़ की तुलना संतान से की गई है तो नदी को माँ स्वरूप माना गया है। ग्रह-नक्षत्र, पहाड़ और वायु देवरूप माने गए हैं। 

हिन्दू संस्कृति में वृक्ष को देवता मानकर पूजा करने का विधान है। वृक्षों की पूजा करने के विधान के कारण हिन्दू स्वभाव से वृक्षों का संरक्षक हो जाता है। सम्राट विक्रमादित्य और अशोक के शासनकाल में वन की रक्षा सर्वोपरि थी। चाणक्य ने भी आदर्श शासन व्यवस्था में अनिवार्य रूप से अरण्यपालों की नियुक्ति करने की बात कही है। हमारे महर्षि यह भली प्रकार जानते थे कि पेड़ों में भी चेतना होती है। इसलिए उन्हें मनुष्य के समतुल्य माना गया है। ऋग्वेद से लेकर बृहदारण्यकोपनिषद्, पद्मपुराण और मनुस्मृति सहित अन्य वाङ्मयों में इसके संदर्भ मिलते हैं। छान्दोग्यउपनिषद् में उद्दालक ऋषि अपने पुत्र श्वेतकेतु से आत्मा का वर्णन करते हुए कहते हैं कि वृक्ष जीवात्मा से ओतप्रोत होते हैं और मनुष्यों की भाँति सुख-दु:ख की अनुभूति करते हैं। हिन्दू दर्शन में एक वृक्ष की मनुष्य के दस पुत्रों से तुलना की गई है- 

'दशकूप समावापी: दशवापी समोहृद:।

दशहृद सम:पुत्रो दशपत्र समोद्रुम:।।'

स्मरण रखें कि यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ी पहल की है। राष्ट्रीय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर उनकी संजीदगी साफ दिखायी देती है। विभिन्न वैश्विक मंचों से समय-समय पर प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया है। पर्यावरण सरंक्षण के प्रति उनकी संवेदनशीलता अनुकरणीय है। पर्यावरण संवर्धन के इस पवित्र आह्वान में सबको दलीय एवं वैचारिक प्रतिबद्धता से ऊपर उठकर शामिल होना चाहिए। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का प्रधानमंत्री मोदी का यह आह्वान जनांदोलन में परिवर्तित तो हो गया है। अब आवश्यक है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में आई यह लहर स्थायी तौर पर रहे। अपने पूर्वजों की भाँति हमें भी पर्यावरण संरक्षण को अपनी आदत बना लेना चाहिए।

पढ़िए- ग्वालियर में अल्मोड़ा की कहानी। संकल्प की शक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

पसंद करें, टिप्पणी करें और अपने मित्रों से साझा करें...
Plz Like, Comment and Share