भोपाल में 8 वर्षीय बालक मारुति का जन्मदिन अनूठे ढंग से मनाया गया। पूरे उत्सव में भारतीय संस्कृति की गहरी झलक दिखाई दी। मारुति के माता-पिता और दादा-दादी ने भारतीय पद्धति के अनुसार जन्मदिन की योजना बनाई। इस उत्सव को सार्थक स्वरूप देते हुए 'पुस्तक-तुला' का आयोजन किया गया, जिसमें मारुति को पुस्तकों से तौला गया। तराजू के एक पलड़े में मारुति को बैठाया गया और दूसरे पलड़े में पुस्तकें रखी गईं। जो भी अतिथि आए थे, वे अपने साथ लाई गई पुस्तकें या वहां उपलब्ध पुस्तकों को दूसरे पलड़े में तब तक रखते गए, जब तक मारुति का पलड़ा ऊपर नहीं उठ गया। इस अवसर पर कई सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। परिवार 'पुनरुत्थान विद्यापीठ' से जुड़ा हुआ है और इस प्रकार जन्मदिन मनाने की प्रेरणा उन्हें वहीं से प्राप्त हुई। मारुति की शिक्षा भी पुनरुत्थान विद्यापीठ के गुरुकुल में चल रही है।
ज्ञान ही व्यक्ति को ऊपर उठाता है :
'पुस्तक-तुला' कार्यक्रम का एक संदेश यह भी था कि पुस्तकों का ज्ञान ही व्यक्ति के जीवन को ऊपर उठाता है। व्यक्ति का जीवन ज्ञान से ही प्रकाशित होता है। जैसे-जैसे दूसरे पलड़े में पुस्तकें बढ़ती जा रही थीं, वैसे-वैसे मारुति का पलड़ा ऊपर उठ रहा था।
बच्चों को वितरित की जाएंगी पुस्तकें :
मारुति के 'पुस्तक-तुला' में एकत्र पुस्तकें सेवा बस्ती के बच्चों के साथ-साथ अध्ययन में रुचि रखने वाले अन्य बच्चों एवं पुस्तक प्रेमियों को बांटी जाएंगी। इन पुस्तकों में बाल साहित्य, कुटुंब प्रबोधन का साहित्य, भारतीय वांग्मय, उपन्यास और पुनरुत्थान विद्यापीठ, कर्णावती का साहित्य शामिल है।
मोमबत्ती बुझाने की जगह जलाए दीप :
भारतीय संस्कृति में शुभ अवसर पर दीप प्रज्वलन की परंपरा है। हमारी संस्कृति में फूंक मारकर दीप बुझाने को शुभ नहीं माना जाता। इस बात का ध्यान रखते हुए मारुति के जन्मदिन पर 8 दीपक जलाए गए। सभी ने गायत्री मंत्र का पाठ कर प्रार्थना की कि यह प्रकाश मारुति के जीवन को सदैव आलोकित करे।
सामाजिक उत्तरदायित्व और समरसता का संदेश :
अपने जन्मदिन पर मारुति ने कन्याओं के चरण पखारे और उनका तिलक किया। यह प्रयोग बहनों के प्रति सम्मान का भाव जगाने के उद्देश्य से किया गया। सामाजिक समरसता का उदाहरण देते हुए, प्रतिदिन स्वच्छता के लिए आने वाले नगर निगम के कर्मचारियों का भी स्वागत व सम्मान किया गया।
![]() |
| 'स्वदेश ज्योति' में 16 मार्च, 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट |



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
पसंद करें, टिप्पणी करें और अपने मित्रों से साझा करें...
Plz Like, Comment and Share